भिंड। माता-पिता के झगड़ों से तंग आकर एक लड़की ने खुद को गोली मारकर आत्महत्या की कोशिश की है। मामला लहार क्षेत्र के पूर्व विधायक तथा भाजपा के वरिष्ठ नेता रसाल सिंह के परिवार का है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
लहार से भाजपा के सीनियर नेता और पूर्व विधायक रसाल सिंह की पोती काजल ने रविवार शाम को खुदकुशी के इरादे से खुद को सीने में गोली मार ली। फिलहाल, घायल काजल को ग्वालियर के जन आरोग्य अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। उधर, मामले की जांच को लेकर लहार एसडीओपी अवनीश बंसल समेत अन्य पुलिस बल ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। जांच में पुलिस ने कट्टा भी बरामद कर लिया है।
घटना रविवार शाम करीब साढ़े छह बजे की है। गोली चलने की आवाज के बाद पड़ोसियों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और प्राथमिक जानकारी लेने के बाद लौट गई। इस बीच काजल के परिजनों ने उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां से ग्वालियर रेफर कर दिया गया।
सोमवार सुबह फिर से पुलिस, रसाल सिंह के निवास स्थल मयूरवन नरिया, ग्राम रहावली पहुंची। यहां पुलिस ने मौके का निरीक्षण किया। इस दौरान पुलिस को कमरे में कट्टा मिला। कट्टे के अंदर गोली चलने का कवर फंसा था। पड़ताल में सामने आया है कि माता-पिता के आपसी विवाद से परेशान होकर काजल ने खुद को गोली मारी ली।
माता-पिता के झगड़े से परेशान थी बेटी
एसडीओपी अवनीश बसंल के मुताबिक काजल के पिता शिशुपाल पर आपराधिक मामले दर्ज हैं। इन मामलों में पैरोल पर बीते कुछ समय से बाहर है। शिशुपाल अपने दोस्तों के साथ घूमने फिरने के आदी हैं। यह बात शिशुपाल की पत्नी को पसंद नहीं है। इसी बात को लेकर घर में आए दिन झगड़ा होता था। रविवार को शिशुपाल ने गुस्से में घर में कह दिया था कि इतनी बंदिशें मुझ पर लगाई, तो खुद को गोली मार लूंगा। यह बात सुनकर काजल खफा हो गई। उसने खुद को कट्टे से गोली मार ली।