मुंबई। महाराष्ट्र के मंत्री नवाब मलिक के खिलाफ भाजपा सड़क पर उतर आई है। भाजपा नवाब मलिक के इस्तीफे की मांग कर रही है। भाजपा इसको लेकर प्रदर्शन भी कर रही है। आज एक और प्रदर्शन निकालने की कोशिश भाजपा द्वारा की गई। इसी दौरान महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और भाजपा के कई अन्य नेताओं को पुलिस ने हिरासत में ले लिया था। हालांकि बाद में उन्हें रिहा कर दिया गया। हिरासत में जिन लोगों को लिया गया उनमें महाराष्ट्र भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष चंद्रकांत पाटील, आशीष शेलार, मंगल प्रभात लोढ़ा शामिल थे। इन्हें मेट्रो सिनेमा के पास हिरासत में लिया गया था और येलो गेट पुलिस थाने में ले जाया गया।
जानकारी के मुताबिक इस प्रदर्शन के कारण इलाके में यातायात बाधित होने से जाम लग गया। भाजपा नेताओं के प्रदर्शन के मद्देनजर इलाके में अतिरिक्त पुलिस बलों की भी तैनाती कर दी गई थी। फिलहाल इस मामले को लेकर कोई भी प्राथमिकी दर्ज नहीं की गई है। आपको बता दें कि अल्पसंख्यक विकास मंत्री मलिक को ईडी ने भगोड़े गैंगस्टर दाऊद इब्राहिम और उसके सहायकों की गतिविधियों से जुड़े धन शोधन के एक मामले में 23 फरवरी को गिरफ्तार किया था। वह अभी न्यायिक हिरासत में हैं। भाजपा मलिक के इस्तीफे की पुरजोर मांग करती रही है। लेकिन, एमवीए नेताओं ने इस मांग को यह कहते हुए खारिज कर दिया कि मलिक को भाजपा द्वारा केंद्रीय एजेंसियों का कथित दुरुपयोग करते हुए गलत तरीके से निशाना बनाया गया है।